मुझे ठेस पहुँचती है माँ
जब मेरी बातों को तू नहीं समझ पाती,
तो मुझे ठेस पहुँचती है माँ
जब गोद में सर रखने को जगह को नहीं देती,
तो मुझे...
जब माँ कहने पर भी नहीं सुनती है तू,
तो मुझे...
जब कहती है कि वो बेटा है और तू बेटी,
तो मुझे...
आंखें भर आती है मेरी जब तू कहती है,
'मैं नहीं तेरी माँ'
ये पंक्तियाँ मुझे एक दोस्त ने भेजीं, लगा कि वह अकेली है। लेकिन उससे ज़्यादा अकेली मुझे उसकी माँ लगी, जो अपनी बेटी को यह तक नहीं बता सकी कि वो उसे कितना प्यार करती है... हर माँ अपनी बच्ची से सबसे ज़्यादा प्यार करती है। माँ कि धड़कन को समझने कि कोशिश में मैं अपनी कुछ पंक्तियाँ लिख रहा हूँ, उम्मीद है हर माँ को पसंद आएगी।
तेरी ही तो है तेरी माँ

तेरी ही तो है तेरी माँ,
गर कहे 'मैं नहीं तेरी माँ',
तो झूठ कहती है तेरी माँ...
तुझसे ही प्यार करती,
बस तेरे ही तो करीब है तेरी माँ...
तू ही तो समझती है उसके जी की घुटन,
तुझ में ही रहता है उसका बेचैन मन...
तेरी ओर उठती हर 'नज़र' पर, सिसक जाती है तेरी माँ,
तो पगली, कैसे नहीं हुई वो तेरी माँ?
तेरे लड़की होने का 'दंश' झेलती,
हर 'आँख वाले' से डर जाती है तेरी माँ...
कितनी प्यारी है तू उसे,
उनके आगे,
ये भी कह नहीं पाती है तेरी माँ...
दिखावा है ये उसका कड़वापन,
तू मान न मान,
दिखावे के लिए ही तुझ पर बरस जाती है तेरी माँ...
दूर होती है तो हिचकियों में,
मायूस होती है तो सिसकियों में,
हर आह में तुझे ही तो बसाती है तेरी माँ...
तो पगली, कैसे नहीं हुई वो तेरी माँ?
अब तुझे भी ठेस पहुंचे,
तो कहाँ जाएगी तेरी माँ...
दर्द छुपाये जज्बातों को,
किससे कह पाएगी तेरी माँ...
घुट-घुट कर जियेगी,
पिस-पिस कर मर जायेगी तेरी माँ...
आज जो स्पर्श से खुरदरी लगती हैं,
ममता में पसरी वो हथेलियाँ ढूंढ पाऔगी कैसे?
'मैं भी बहुत प्यार करती हूँ तुझसे',
कल ये उससे कह पाऔगी कैसे?

